हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए साल 2026 की शुरुआत एक बड़ी खुशखबरी लेकर आई है. हरियाणा लोक सेवा आयोग यानी HPSC ने हरियाणा सिविल सर्विसेज (HCS) परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के जरिए राज्य के प्रशासनिक, पुलिस और राजस्व विभागों में अफसरों की नियुक्ति की जाएगी. लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह सुनहरा मौका माना जा रहा है.
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 102 पदों को भरा जाएगा. आयोग ने आवेदन से लेकर परीक्षा तक की पूरी जानकारी साझा कर दी है, ताकि उम्मीदवार समय रहते तैयारी और आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकें.
102 पदों पर होगी भर्ती
HPSC की ओर से जारी सूचना के अनुसार, हरियाणा सिविल सर्विसेज भर्ती 2026 के तहत कुल 102 पद तय किए गए हैं. इनमें अलग-अलग विभागों के अहम पद शामिल हैं. सबसे ज्यादा पद एक्साइज एंड टैक्सेशन ऑफिसर (ETO) के लिए रखे गए हैं, जिनकी संख्या 27 है. इसके बाद हरियाणा सिविल सर्विस (HCS) के 24 पद शामिल हैं.
इसके अलावा असिस्टेंट एक्साइज एंड टैक्सेशन ऑफिसर (AETO) के 22 पद और डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) के 8 पद तय किए गए हैं. ट्रेजरी मैनेजर के 7 पद, ए क्लास नायब तहसीलदार (अप्रेंटिस) के 5 पद और ए क्लास तहसीलदार के 3 पद भी इस भर्ती में शामिल हैं. वहीं असिस्टेंट रजिस्ट्रार को-ऑपरेटिव सोसाइटी (ARCS) के 3 पद, डिप्टी फूड एंड सप्लाइज कंट्रोलर (DFSC) के 2 पद और डिप्टी फूड सेफ्टी ऑफिसर (DFSO) का 1 पद रखा गया है.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक यानी ग्रेजुएट होना जरूरी है. विषय की कोई खास बाध्यता नहीं रखी गई है, यानी किसी भी स्ट्रीम से पढ़ाई करने वाले युवा इस परीक्षा में हिस्सा ले सकते हैं.
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम उम्र 42 साल तय की गई है. यह उम्र 1 जनवरी 2026 के आधार पर मानी जाएगी. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकार के नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी, जिससे उन्हें आवेदन में राहत मिलेगी.
कब और कैसे करें आवेदन?
HPSC ने आवेदन की तारीखें भी साफ कर दी हैं. उम्मीदवार 6 फरवरी 2026 से 26 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hpsc.gov.in के जरिए ही स्वीकार किए जाएंगे.
आवेदन शुल्क भी अलग-अलग वर्गों के लिए तय किया गया है. सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1000 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए शुल्क 250 रुपये रखा गया है. शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा.
यह भी पढ़ें – UPSC नियमों में बड़ा बदलाव: बार-बार सिविल सेवा परीक्षा में नहीं बैठ पाएंगे IAS-IFS, IPS ऑप्शन को लेकर भी हुआ बदलाव
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI
![]()
